Spread the love

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में आगामी तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के आयोजन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर, 2026 को डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम, दून विश्वविद्यालय, देहरादून में किया जाएगा।

बैठक में मुख्य सचिव ने सम्मेलन की प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश – विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके अनुभवों, उपलब्धियों और विशेषज्ञता का लाभ राज्य के विकास को मिल सके।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन में पूरे भारत का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखण्डियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं पर फोकस करने और उन्हें सम्मेलन से जोड़ने पर बल दिया, ताकि युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलताओं से प्रेरणा मिल सके।

बैठक में सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले डेलीगेट्स के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा, प्रतिष्ठित प्रवासी उत्तराखण्डी अतिथियों के संबोधन हेतु चयन, विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों के पैनलिस्ट का निर्धारण तथा सम्मेलन की समयावधि सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की तैयारियों से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार की जाए, ताकि प्रत्येक कार्य की स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित करने के साथ उसकी समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ एवं संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु एवं डॉ आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts

प्रवासी उत्तराखंडियों का महाकुंभ: 13 नवंबर 2026 को दून विश्वविद्यालय में तीसरा सम्मेलन

Spread the love

Spread the loveदेहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में आगामी तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सम्मेलन का…

वनाधिकार कानून से नहीं, निर्वनीकरण व भूमि हस्तांतरण से ही बनेगा बिंदुखत्ता राजस्व गांव: भाकपा (माले)”

Spread the love

Spread the love27 अक्टूबर से गैरसैण में होने जा रहे विधानसभा सत्र में बिंदुखत्ता राजस्व गांव का प्रस्ताव पारित कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करो लालकुआं। भाकपा (माले) बिंदुखत्ता…

Leave a Reply