मुख्यमंत्री के जाते ही बदले तहसीलदार के तेवर! बिंदुखत्ता को वन भूमि बताकर रोका ग्रामीण का काम, संगठन के तीखे विरोध के बाद तस्दीक पर जताई सहमति

Spread the love
वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने तहसीलदार से आमने-सामने किए तीखे सवाल, निष्पक्ष जांच और स्थानांतरण की उठाई मांग; अर्जुन नाथ गोस्वामी बोले—अतिक्रमण है तो बंद कर दीजिए सभी सरकारी योजनाएं और सुविधाएं, विरोध के बाद विद्युत कनेक्शन के लिए निवास प्रमाण पत्र की तस्दीक पर बनी सहमति।

लालकुआं। बिंदुखत्ता के ग्रामीणों के सरकारी कार्यों में वन भूमि का हवाला देकर आपत्ति जताने का मामला उस समय गरमा गया, जब नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले ग्रामीण के निवास प्रमाण पत्र की तस्दीक करने से तहसीलदार ने इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी के सामने कड़ी नाराजगी जताते हुए तीखे सवाल उठाए। काफी देर तक चली बहस और बातचीत के बाद आखिरकार तहसीलदार ने विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक निवास प्रमाण पत्र की तस्दीक करने पर अपनी सहमति जता दी। हालांकि संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग भी उठाई।

मामला बिंदुखत्ता के पश्चिमी राजीव नगर निवासी वीरेंद्र सिंह से जुड़ा है, जिन्होंने नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया के दौरान तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी ने बिंदुखत्ता को वन भूमि क्षेत्र बताते हुए संबंधित निवास प्रमाण पत्र पर तस्दीक करने से इनकार कर दिया। इससे परेशान वीरेंद्र सिंह ने वन अधिकार संगठन के कार्यकर्ताओं को मामले की जानकारी दी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसीलदार से मिलने पहुंचे और उनके इस रुख पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

तहसीलदार से आमने-सामने हुई बातचीत के दौरान नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ पूर्व अध्यक्ष  भरत नेगी ने बिंदुखत्ता को वन भूमि बताकर ग्रामीणों के कार्यों में आपत्ति जताने पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बिंदुखत्ता आगमन के तुरंत बाद तहसीलदार का इस तरह का रुख अपनाना कई सवाल खड़े करता है। यदि बिंदुखत्ता को वन भूमि अथवा अतिक्रमण क्षेत्र माना जा रहा है तो फिर यहां वर्षों से संचालित सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का क्या औचित्य है?













नेगी ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के आगमन के बाद ही बिंदुखत्ता की स्थिति को लेकर इस तरह की आपत्तियां क्यों सामने आने लगीं? उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस पूरे मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। यदि बिंदुखत्ता को वन भूमि बताकर ग्रामीणों के सामान्य सरकारी कार्यों में बाधा डाली जा रही है तो इस बदले हुए प्रशासनिक रुख की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

इसी बातचीत के दौरान वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी ने तहसीलदार के तर्क पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि बिंदुखत्ता वास्तव में अतिक्रमण क्षेत्र है और इसी आधार पर ग्रामीणों के प्रमाण पत्रों की तस्दीक रोकी जा रही है तो फिर यहां संचालित सरकारी व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठना चाहिए।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि फिर यहां की पेंशन योजनाएं बंद कर दीजिए, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र जारी करना बंद कर दीजिए, आईटीआई बंद कर दीजिए और बिंदुखत्ता में संचालित तमाम सरकारी कार्य भी रोक दीजिए। जब यहां सरकारी कार्यालय संचालित हैं और विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को दिया जा रहा है तो फिर आम नागरिकों के व्यक्तिगत कार्यों में इस तरह की आपत्ति क्यों जताई जा रही है?

मौके पर मौजूद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के व्यवहार में आए कथित बदलाव पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तहसीलदार लगातार ग्रामीणों के संपर्क में थे और उनका व्यवहार सकारात्मक था, लेकिन मुख्यमंत्री के जाते ही अचानक उनके तेवर बदलने जैसी स्थिति सामने आई है। कार्यकर्ताओं ने सवाल किया कि आखिर इस बदलाव के पीछे क्या वजह है और क्या बिंदुखत्ता के ग्रामीणों को अब अपने सामान्य सरकारी कार्यों के लिए भी इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा?

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को नियमों के अनुसार कार्य करने का पूरा अधिकार है, लेकिन नियमों की व्याख्या के नाम पर आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है। सरकारी पद जनता की सेवा के लिए हैं और प्रत्येक अधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह निष्पक्षता तथा समान व्यवहार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।

वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि तहसीलदार द्वारा दस्तावेज की तस्दीक से इनकार करने के पीछे बताए गए आधार और संबंधित नियमों की जांच होनी चाहिए। साथ ही अधिकारी की कार्यशैली और ग्रामीणों के साथ किए गए व्यवहार की भी समीक्षा की जाए। संगठन ने तहसीलदार के स्थानांतरण पर भी विचार करने की मांग उठाई, ताकि ग्रामीणों के सामान्य सरकारी कार्य प्रभावित न हों।

इस दौरान नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ पूर्व अध्यक्ष भरत नेगी, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, बसंत पांडे, देवेंद्र गोस्वामी, नवीन जोशी, वीरेंद्र सिंह सहित आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर तहसीलदार के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और ग्रामीणों के अधिकारों तथा बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।



इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण बात यह रही कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई लंबी बातचीत तथा तीखे सवाल-जवाब के बाद तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी ने विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक निवास प्रमाण पत्र की तस्दीक करने पर अपनी सहमति जता दी। इससे ग्रामीण वीरेंद्र सिंह के विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।

हालांकि संगठन का कहना है कि मामला केवल एक ग्रामीण के विद्युत कनेक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि बिंदुखत्ता के हजारों ग्रामीणों के सरकारी कार्यों और उनके साथ होने वाले प्रशासनिक व्यवहार से जुड़ा है। संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी ग्रामीण को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Posts

चोरी की वारदातें: लालकुआं में सुरक्षा की चिंता बढ़ी, प्रशासन की सक्रियता जरूरी

Spread the love

Spread the loveबसंत पांडेलालकुआं क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पश्चिमी राजीव नगर और सुभाष नगर क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की…

कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर चोरों ने की बड़ी चोरी, 24 तोला जेवर गायब घटना दवाई फर्म सुभाष नगर

Spread the love

Spread the love दवाई फॉर्म, सुभाष नगर के समीप घर में चोरी: 22 तोला सोना और 4 तोला चांदी उड़ाई लालकुआ।दवाई फॉर्म, सुभाष नगर के समीप निवासी गोधन सिंह बिष्ट…

Leave a Reply