‘रात में अकेले डरती थी, मायके चली जाती थी… सुबह लौटी तो घर खाली मिला’
लालकुआं। बिंदुखत्ता पश्चिमी राजीव नगर में हुई चोरी की वारदात पर घर की बहू मंजू जोशी ने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने बताया कि चोरों ने उनके घर से लगभग चार तोला सोना और 45 हजार रुपये नकदी चुरा ली। घर के अंदर कपड़े, बिस्तर और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा मिला।

मंजू जोशी के बताया कि उसके ससुर विष्णु दत्त जोशी व सास पिथौरागढ़ (डोभाल) में रह रहे हैं। चार माह पूर्व तक यहीं थे बाद में गांव चले गए। उनके पति नरेंद्र चंद्र जोशी भी कुछ समय पूर्व पटना चले गए थे। इस तरह घर में वह अपनी बच्ची साथ अकेली रहती थीं।

मंजू जोशी ने बताया कि रात में घर में अकेली बच्चों के साथ रहने से वे डरती थीं। इसलिए अक्सर रात्रि में बच्ची सहित अपने मायके संजय नगर पीतांबर जोशी के यहां चली जाती थीं और सुबह घर लौट आती थीं। चोरों ने घर खाली होने का फायदा उठाया। उन्होंने बताया कि चोरी के दौरान चोरों ने घर में रखे केला और दही जैसे खाद्य पदार्थ भी खाए और कुछ फेंक दिए।

मंजू जोशी के मुताबिक, चोरों ने घर के बाहर चैनल गेट में लगे दो ताले तोड़े। इसके बाद घर के अंदर सभी कमरों के दरवाजों के ताले भी तोड़ दिए। तोड़े गए तालों खेत में फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम से जांच कराने की तैयारी की।
मंजू जोशी ने बताया कि घटना के बाद पश्चिमी राजीव नगर के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।




