
लालकुआं। बिंदुखत्ता की जनसमस्याओं को लेकर वन अधिकार संगठन के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर विभिन्न मांगों के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने जनहित के मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिष्टमंडल ने गौला नदी में तटबंध निर्माण, किसानों को खाद उपलब्ध कराने, गन्ना किसानों को हल्द्वानी से जोड़ने तथा स्थायी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई।
खाद की समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए हल्दूचौड़ सहकारी समिति में बिंदुखत्ता के किसानों के लिए अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने तथा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। वहीं गन्ना किसानों को हल्द्वानी की समिति से जोड़ने और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गौला नदी में तटबंध निर्माण की मांग पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्रों के संबंध में उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के प्रमाण पत्र किसी भी हालत में नहीं रुकने चाहिए। पटवारियों की हड़ताल के बावजूद प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर पटवारी की रिपोर्ट के स्थान पर अमीन से रिपोर्ट लेकर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वन अधिकार संगठन की इस सक्रिय पहल और जिलाधिकारी की त्वरित कार्यशैली से बिंदुखत्ता के लोगों में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
शिष्टमंडल में वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट, वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, अधिवक्ता बलवंत सिंह बिष्ट , पूर्व सैनिक संगठन से कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, राजेन्द्र सिंह बिष्ट व गोविंद गिरी सहित आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल रहे।





