23 नवंबर को पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद बिंदुखत्ता पहुंचे थे धामी, आंदोलनकारियों को दिया था 27 नवंबर की उच्चस्तरीय बैठक में मामला रखने का भरोसा
लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार 23 नवंबर को बिंदुखत्ता पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया था। मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी थी कि इस बार बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में ठोस पहल होगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति व पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी थी। इस दौरान बिंदुखत्ता से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को 27 नवंबर की उच्चस्तरीय बैठक में रखने और उस पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद क्षेत्रवासियों की निगाहें शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी हुई थीं।
लेकिन शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक के बाद जारी 23 महत्वपूर्ण निर्णयों की सूची में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने से संबंधित कोई प्रस्ताव शामिल नहीं होने से क्षेत्रवासियों को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद जिस निर्णय की उम्मीद लगाई जा रही थी, वह इस बैठक में सामने नहीं आया।
गौरतलब है कि बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इसके लिए क्षेत्र के लोग और विभिन्न आंदोलनकारी संगठन लगातार संघर्षरत हैं। राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिलने के कारण क्षेत्रवासियों को भूमि संबंधी अधिकारों और राजस्व व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि मुख्यमंत्री ने 23 नवंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों की क्षमता वाले सांस्कृतिक हॉल के निर्माण तथा स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम सहित विकास कार्य कराने की घोषणाएं भी की थीं। लेकिन क्षेत्र की सबसे पुरानी और प्रमुख मांग राजस्व गांव के दर्जे को लेकर 27 नवंबर की कैबिनेट बैठक से कोई निर्णय सामने नहीं आया।
अब क्षेत्रवासियों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब मुख्यमंत्री ने स्वयं 27 नवंबर की उच्चस्तरीय बैठक में बिंदुखत्ता का मामला रखने और निर्णय लेने का भरोसा दिया था, तो आखिर इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कैबिनेट में निर्णय क्यों नहीं हो पाया?
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद फैसला नहीं होने से बिंदुखत्ता के लोगों की निगाहें अब सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। क्षेत्रवासी जानना चाहते हैं कि आखिर उन्हें राजस्व गांव के दर्जे के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा।

