HiSTAR-2026 में दूरबीनों से प्रेक्षण, डेटा विश्लेषण और आधुनिक खगोलीय अनुसंधान की दी गई जानकारी

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल में 23 से 27 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय ‘हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च’ (HiSTAR-2026) का सफल आयोजन हुआ। एरीज और अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र: खगोलविज्ञान एवं खगोलभौतिकी (आयुका), पुणे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत और नेपाल के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शोध संस्थानों के करीब 30 शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य हिमालयी एवं आसपास के उत्तरी भारतीय क्षेत्रों के युवा शोधकर्ताओं को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान में व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर अनुसंधान के लिए तैयार करना था। इसके तहत एरीज और आयुका के वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों ने व्याख्यानों, प्रयोगात्मक सत्रों, वास्तविक खगोलीय प्रेक्षणों और डेटा विश्लेषण का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने एरीज की 1.04 मीटर सम्पूर्णानंद दूरबीन से रात्रिकालीन खगोलीय अवलोकन भी किए।
इसके अतिरिक्त देवस्थल वेधशाला के भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को भारत की सबसे बड़ी प्रकाशीय दूरबीन 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DOT), 4 मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (ILMT) और 1.3 मीटर देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप (DFOT) जैसी अत्याधुनिक प्रेक्षण सुविधाओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के संयोजक एरीज के डॉ. जीवन पांडेय एवं डॉ. नीलम पंवार, आयुका के डॉ. अनुपम भारद्वाज तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. हुम चंद रहे। एरीज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार नजा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें खगोल विज्ञान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शोध के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि एरीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अंतर्गत स्वायत्त संस्थान है, जबकि आयुका विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अंतर्गत कार्यरत है। दोनों संस्थानों के बीच खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के क्षेत्र में लंबे समय से शैक्षणिक एवं शोध सहयोग रहा है। HiSTAR इसी सहयोग को युवा शोधकर्ताओं तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे भविष्य में राष्ट्रीय खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं के बेहतर उपयोग, नए शोध कार्यक्रमों के विकास और हिमालयी क्षेत्र में खगोलीय अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
