कैबिनेट ने बापूग्राम की 594.90 एकड़ वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर दी सैद्धांतिक मंजूरी, बिंदुखत्ता का फैसले में कोई उल्लेख नहीं

लालकुआं। उत्तराखंड कैबिनेट की 27 नवंबर को हुई बैठक के एक निर्णय को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है। ऋषिकेश के बापूग्राम की वन भूमि को डीनोटिफाई करने के फैसले को कुछ लोगों द्वारा बिंदुखत्ता से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि कैबिनेट का यह निर्णय केवल ऋषिकेश के बापूग्राम के लिए लिया गया है। बिंदुखत्ता को लेकर ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है।

कैबिनेट की ओर से जारी आधिकारिक निर्णय संख्या 21 में स्पष्ट उल्लेख है कि बापूग्राम आरक्षित वन, ऋषिकेश की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि के संबंध में माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन एवं भावी कार्यवाही के लिए वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। इस मामले में आगे का प्रस्ताव वन विभाग द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

लेकिन सोशल मीडिया पर इस निर्णय के साथ बिंदुखत्ता का नाम जोड़कर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। जबकि कैबिनेट के आधिकारिक दस्तावेज में बिंदुखत्ता का नाम तक शामिल नहीं है।

गौरतलब है कि बिंदुखत्ता के लोग लंबे समय से राजस्व गांव की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 नवंबर को बिंदुखत्ता पहुंचकर आंदोलनकारियों को 27 नवंबर की उच्चस्तरीय बैठक में इस मामले को रखने और निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद 27 नवंबर की कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

ऐसे में बापूग्राम के फैसले को बिंदुखत्ता की उपलब्धि बताकर प्रचारित करना पूरी तरह तथ्यहीन है। क्षेत्रवासियों से अपील है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों पर विश्वास करने से पहले कैबिनेट के आधिकारिक निर्णय को अवश्य देखें।
सच्चाई यही है कि डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी ऋषिकेश के बापूग्राम के लिए मिली है, बिंदुखत्ता के लिए नहीं।

