लालकुआँ। भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर 6 दिसंबर को लालकुआँ में सेवा और श्रद्धांजलि का भव्य आयोजन किया जाएगा। अंबेडकर जन सेवा समिति के तत्वावधान में नगर के अंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
शिविर में हल्द्वानी के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों के वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच पूरी तरह निशुल्क की जाएगी। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। शिविर में नेत्र रोगियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आधुनिक हाईटेक मशीनों के माध्यम से आंखों की जांच कर मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर पार्क परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का भी आयोजन होगा। इसमें नैनीताल जिले और लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा नगर के गणमान्य समाजसेवियों के शामिल होने की संभावना है। अतिथियों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद विचार गोष्ठी में उनके जीवन संघर्ष, संविधान निर्माण में योगदान और सामाजिक समानता के विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा।
समिति अध्यक्ष मुकेश कुमार और कार्यक्रम संयोजक उदय वीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 6 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में अंबेडकर पार्क पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के महापरिनिर्वाण दिवस पर जनसेवा के माध्यम से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

